खन्ना, 20 मई (नितिन):-पुलिस जिला खन्ना द्वारा थानों और पुलिस लाइनों में लंबे समय से खड़े पुराने वाहनों की डिस्पोजल प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसएसपी खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने की, जिसमें जिले के सभी एसपी, डीएसपी, व्हीकल डिस्पोजल कमेटी के सदस्य, मुख्य अधिकारी और मुख्य मुंशी शामिल हुए।
बैठक के दौरान एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि जब्त किए गए और लावारिस वाहनों का समय पर निपटारा न होने के कारण पुलिस थानों में जगह की कमी की समस्या पैदा हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और सरकार व पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाहन के मामले में पूरी कानूनी प्रक्रिया और जांच पूरी करने के बाद ही नीलामी या डिस्पोजल की कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी परेशानी न आए। साथ ही सभी सब डिवीजन अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अपने-अपने क्षेत्रों के थानों में खड़े वाहनों का रिकॉर्ड अपडेट रखें और संबंधित दस्तावेजों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखें।
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस जिला खन्ना के विभिन्न थानों में इस समय कुल 1428 वाहन खड़े हैं, जिनमें 544 चार पहिया और 884 दो पहिया वाहन शामिल हैं। प्रत्येक थाने के लिए एक गजटेड अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है ताकि डिस्पोजल प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के पहले ही दिन 117 वाहन उनके वारिसों को सौंप दिए गए, जबकि 79 वाहनों की नीलामी के लिए माननीय अदालत से मंजूरी भी प्राप्त कर ली गई है।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर नियमों की अनदेखी या लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर एसपी (एच) हरपिंदर कौर गिल, एसपी (आई) पवनजीत चौधरी, डीएसपी (आई) मोहित सिंगला, डीएसपी (एच) गब्बर सिंह, डीएसपी (ट्रैफिक) करमवीर तूर, डीएसपी (नारकोटिक्स) करमजीत सिंह ग्रेवाल, डीएसपी (स्पेशल ब्रांच) तरलोचन सिंह, डीएसपी समराला प्रितपाल सिंह संधू और डीएसपी पायल हरमनदीप सिंह चीमा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




