चंडीगढ़ | 1 मई 2026 | रिपोर्टर: नितिन:- पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान शुक्रवार को उस समय जोरदार हंगामा देखने को मिला, जब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद तब बढ़ा जब कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि वह कथित तौर पर नशे की हालत में सदन में पहुंचे।
कांग्रेस विधायकों ने इस मुद्दे को लेकर विधानसभा में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और सच्चाई सामने लाई जाए।
विवाद के बीच कांग्रेस ने यह भी मांग उठाई कि आम आदमी पार्टी के विधायकों का एल्कोमीटर टेस्ट कराया जाए। इसके बाद हंगामा बढ़ता गया और स्थिति को देखते हुए कांग्रेस के सभी विधायक सदन से वॉकआउट कर गए।
वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं ने कांग्रेस के आरोपों को पूरी तरह निराधार और राजनीतिक बताया। पार्टी का कहना है कि विपक्ष जानबूझकर सदन की कार्यवाही को बाधित करने की कोशिश कर रहा है और जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रहा है।
हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही कुछ समय के लिए प्रभावित रही।




